Saturday, October 18, 2008

गोवा में शिक्षा मंत्री की पत्‍‌नी के खिलाफ शिकायत

गोवा में अब शिक्षा मंत्री की पत्‍‌नी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज हो गई है। मंत्री के बेटे पर पहले ही दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। इसमें खुद मंत्री भी सह अभियुक्त हैं। अब पत्‍‌नी पर आरोप लगाया गया है कि वह मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव डाल रही हैं। शिकायत पीड़िता की मां ने दर्ज कराया है। इस बीच, पीड़िता की वकील और सामाजिक कार्यकर्ता पर हुए हमले के सिलसिले में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया।14 वर्षीय पीड़िता की मां, जर्मन शोधकर्ता ने बास्को जार्ज के पुलिस अधीक्षक के यहां शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि तीन अक्टूबर को शिक्षा मंत्री ए. मानसेरेते की पत्‍‌नी जेनिफर ने उनसे तीन अक्टूबर को संपर्क किया था। तब जेनिफर ने बेटे रोहित के खिलाफ दायर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया। जेनिफर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 195 ए, सेक्शन 506 के तहत शिकायत दर्ज की गई है।रोहित पर जर्मन लड़की का यौन शोषण व बलात्कार करने और उसे अश्लील एसएमएस भेजने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ पुलिस ने लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया है।इसी बीच, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि जर्मन महिला की वकील और सामाजिक कार्यकर्ता आइरिस राड्रिग्स पर हमले के सिलसिले में महाराष्ट्र के महाबलेश्वर से शुक्रवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। राड्रिग्स पर 13 अक्टूबर की रात तब हमला किया गया था, जब वह पणजी के एक रेस्तरां में अपने किसी साथी के साथ खाना खा रहे थे। इस सिलसिले में अगले दिन तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।

No comments: