Friday, November 7, 2008

प्रेमियों को नहीं ढूंढ पाई पुलिस

ग्रेटर नोएडा में जिन प्रेमियों के चलते दो चचेरी बहनों को जान से हाथ धोना पड़ा, पुलिस उनको अब तक ढूंढ नहीं पाई है। हालांकि इतनी जानकारी जरूर मिल गई है कि दोनों युवक अलीगढ़ के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।सूरजपुर कस्बे में गुरुवार को इज्जत की खातिर पिंकी व सोनम की उनके परिजनों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों युवतियां प्रेमियों के बहकावे में आकर दो नवंबर को उनके साथ अलीगढ़ चली गई थीं। बताया जाता है कि वहां पहुंचकर दोनों को एहसास हुआ कि जिस रास्ते पर वह जा रही हैं, घरवाले उसे स्वीकार नहीं करेंगे। इसलिए दोनों प्रेमियों के यहां से भागकर अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। रेलवे स्टेशन पर किसी परिचित युवक ने दोनों बहनों को देखा तो उसने सूरजपुर में अपने एक दोस्त को फोन से इसकी जानकारी दी।जिस युवक ने लड़कियों को पहचाना था, वह पहले सूरजपुर में बाबा मोहन राम मंदिर वाली गली में रह चुका है। लड़की के परिजनों को किसी और माध्यम से इसकी सूचना मिली। इस पर वे अलीगढ़ गए और दोनों बहनों को घर ले आए।पुलिस दोनों प्रेमियों तक पहुंचने के लिए उस युवक की तलाश में है, जिसके जरिये घर वालों को सूचना मिली थी। बताया जाता है कि युवतियों के प्रेमियों के बारे में गांव के कुछ लोगों को जानकारी थी। लेकिन युवतियों के चचेरे भाई सोनू के डर से कोई कुछ कह नहीं पाया। बताते हैं कि सोनू की बाबा राममोहन वाली गली में दबंगई चलती है। दोनों युवक पहले सोनू के घर के बगल में किराये का मकान लेकर रहते थे। एक माह पहले दोनों ने मकान खाली कर दूसरी जगह पर कमरा ले लिया था। दोनों सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में नौकरी करते थे।युवक मकान खाली करने के बाद भी युवतियों से मिलते रहते थे। यही नहीं पिंकी व सोनम के परिवार में महिलाओं को भी इस बारे में जानकारी थी। घर वालों को डर था कि अगर सोनू को यह पता लग गया तो वह दोनों युवक के साथ मारपीट कर सकता था। दोनों बहनों के आने जाने पर रोक लगने के बाद उन्होंने प्रेमियों के साथ भागने की योजना तैयार की थी। हालांकि अभी कोई कुछ कहने को तैयार नहीं है। थाना सूरजपुर प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। जिस युवक ने फोन कर दोनों बहनों के बारे में जानकारी दी थी, उसकी भी तलाश की जा रही है ताकि दोनों युवकों तक पहुंचा जा सके।

No comments: