Wednesday, November 19, 2008

प्रियंका-अंजू में थे समलैंगिक संबंध

उत्तरप्रदेश के मेरठ में अपने माता-पिता को मौत के घाट उतारने वाली बेटी और उसकी सहेली के बीच समलैंगिक संबंधों का आरोप लगने से इस चर्चित मामले में एक नया मोड़ ले लिया है।दूसरी तरफ, आनन-फानन में इसका खुलासा करने वाली पुलिस की कहानी में भी काफी झोल नजर आने लगे हैं। मृतक दंपति के परिजनों ने पुलिस की यह बात मानने से इनकार कर दिया है कि दोनों अकेली लड़कियों ने घर में पालतू कुत्ता होते हुए इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

उल्लेखनीय है कि गत 10 नवंबर की देर रात मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित प्रेम प्रयाग कॉलोनी निवासी उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन से सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियर प्रेमवीर सिंह और उनकी पत्नी संतोष की गला दबाकर और चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मौके से बरामद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में परिवार के किसी नजदीकी सदस्य के शामिल होने की आशंका व्यक्त की थी।

गत 17 नवंबर को पुलिस ने इस हत्याकांड के आरोप में मृतक दंपति की बेटी प्रियंका एवं उसकी सहेली अंजू को गिरफ्तार करके पत्रकारों के समक्ष पेश किया था। उनके कब्जे से घर से चुराए गए 50 हजार रुपये, लाखों की एफडी और सोने के आभूषण भी बरामद किए गए थे। दोनों ने ही स्पष्ट रूप से अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया था।इस दोहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के परिजन आमतौर पर चुप्पी साधे रहे लेकिन आज हत्यारोपी प्रियंका की बुआ प्रभावती यहां मीडिया से रूबरू हुईं। उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि प्रियंका और अंजू के बीच समलैंगिक संबंध थे। प्रभावती के अनुसार अंजू ने ही प्रियंका से अंतरंग संबंध रखने के लिए अपने छोटे भाई अजेंद्र से शादी करवाई थी, जबकि अजेंद्र न सिर्फ प्रियंका से करीब चार वर्ष छोटा है बल्कि विवाह से पहले उसे दीदी कहकर बुलाता था। उन्होंने इस दोहरे हत्याकांड का मास्टर माइंड अंजू को करार देते हुए कहा कि दोनों को अलग-अलग रखकर उनका नार्को टेस्ट करवाया जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।पुलिस की कहानी में अनेक पेचीदगी बताते हुए प्रभावती ने कहा कि अकेली लड़कियां कैसे दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे सकती हैं, जबकि घर में कुत्ता भी पाला हुआ था। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि दोनों लड़कियों के साथ कुछ युवक अवश्य रहे होंगे, जिन्होंने यह हत्याएं कीं।पुलिस अधीक्षक राकेश जौली के अनुसार प्रियंका और अंजू के बीच अंतरंग संबंधों की बात सामने आने के बाद इस बारे में छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि दोनों को यहां अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

No comments: